Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने त्रिवेंद्र से की मुलाकात

 

हल्द्वानी

उत्तराखंड के पहाड़ में महिला संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से मुलाकात की। सीएम ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। मिश्रा ने चमोली के आपदा पीड़ितों को 50 हजार रुपए की राहत राशि भी मुख्यमंत्री को सौंपी। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा ने पहाड़ में खासकर पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत, नैनीताल महिलाओं की समस्याओं के बारे में सीएम को विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि पहाड़ में घरेलू हिंसा, महिलाओं से संबंधित अपराधों की घटना बढ़ते जा रही है। महिला आश्रमों में कई महिलाएं रह रही है।
जिनको आत्मनिर्भर बनाये जाने की जरूरत है। उनके बीच कुछ रचनात्मक कार्य किये जाने चाहिए। ताकि वह महिला आश्रम में रहकर हुनरमंद बन आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो सकें। समय के अनुसार महिला आश्रमों की क्षमता भी बढ़ाए जाने की आवश्यकता पर भी बात की। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य सम्बंधित मामले बहुत आ रहे है। लापरवाही से महिलाएं असमय काल का ग्रास बन रही है। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भतरोजखान में एक एम्बुलेंस दिए जाने की मांग की। जिस पर सीएम ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मिश्रा ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। न्याय पंचायत स्तर पर कैम्प लगेंगे। महिलाओं को आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बनाने की जरूरत है। अगर यह हो जाएगा तो आधी समस्या खुद दूर हो जाएगी। सरकार ने कई योजनाएं चलाई हुई है। बस जागरूकता का अभाव है। जेल में रह रही महिला कैदियों को शिक्षित कर उनके हुनर का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। जिलों में अधिसंख्य में महिला कैदी है। इसके लिए भी कार्य करने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *