Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

जागेश्वर धाम पहुंचीं सांसद डिंपल यादव, रुद्राभिषेक और नवग्रह पूजन कराया

अल्मोड़ा

सपा सांसद डिंपल यादव ने परिजनों सहित उत्तराखंड के जागेश्वर धाम पहुंचकर विभिन्न अनुष्ठान संपन्न कराए। उन्होंने पुरोहितों से कहा कि इस पवित्र आध्यात्मिक धाम पहुंचकर वह खुद को धन्य महसूस कर रही हैं। सांसद डिंपल यादव ने रविवार को उत्तराखंड के जागेश्वर धाम में विभिन्न अनुष्ठान संपन्न कराए। रविवार को यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट की सांसद डिंपल यादव अपनी बेटी और अन्य परिजनों के साथ सुबह करीब 11 बजे जागेश्वर धाम पहुंचीं। यहां पहुंच कर उन्होंने महामृत्युंजय मंदिर में विधिवत रुद्राभिषेक और नवग्रह पूजन संपन्न कराया। साथ ही ज्योतिर्लिंग जागेश्वर, मां पुष्टि देवी, केदारनाथ सहित अन्य मंदिरों में भी पूजन किया। उसके बाद उन्होंने हवन में भी आहुतियां दीं। भीषण ठंड के बीच सांसद डिंपल करीब दो घंटे से अधिक समय तक मंदिर परिसर में रहीं। सांसद डिंपल यादव का अनुष्ठान संपन्न कराने में पंडित पूरन चंद्र भट्ट, पंडित तारा दत्त भट्ट, आचार्य गोकुल भट्ट आदि पुरोहित शामिल रहे। अनुष्ठान के बाद उन्होंने जागेश्वर धाम में भंडारे का भी आयोजन कराया। भंडारे में 101 पुरोहितों ने प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने पुजारियों को प्रसाद भी परोसा। पुरोहितों ने बताया कि इस अनुष्ठान के लिए अखिलेश यादव किन्हीं कारणों के चलते जागेश्वर नहीं आ पाए थे। पुजारियों के मुताबिक डिंपल यादव ने शीघ्र ही दोबारा शिव के इस धाम में पति अखिलेश सहित आकर पूजा कराने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *