STATE NEWSUTTARAKHAND

टायर फैक्ट्री में आग से फैली अफरा-तफरी

ऋषिकेश

शहर के व्यस्ततम लक्ष्मणझूला रोड पर एक बंद पड़ी टायर फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। फैक्ट्री में आग लगते ही आसपास अफरा-तफरी फैल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान फैक्ट्री में काफी सामान जलकर राख हो गया। सोमवार सुबह करीब नौ बजे पूर्व राज्यमंत्री कृष्णकुमार सिंघल की सिंगला टायर फैक्ट्री से पहले धुआं और फिर देखते ही देखते आग की लपटे उठने लगी। भीषण आग देख लक्ष्मणझूला रोड पर अफरा-तफरी जैसा माहौल पैदा हो गया। आसपास के बसे लोगों में भी हड़कंप की स्थिति नजर आई। इसी बीच स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री में आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन भीषण आग पर दो गाड़ियों से काबू नहीं पाया जा सका। पांच गाड़ियों से आग को दोपहर करीब एक बजे बुझाया जा सका। दमकल अधिकारी सुनील रावत ने बताया कि फैक्ट्री अरसे से बंद पड़ी थी। इस अग्निकांड में हजारों रुपये का स्क्रैप और पुराने टायर जल गए हैं। आग लगने की कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रथमदृष्टया यह शॉर्ट सर्किट से होना प्रतीत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *