विकासनगर तहसील में सफाई मजदूर संघ का प्रदर्शन
विकासनगर(आरएनएस)। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसील पर प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर अपनी मांगों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो एक जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन में मांग की है कि राज्य के सभी नगर निगमों, नगर पालिका व नगर पंचायतों में ठेकेदारी प्रथा, गैंग, संविदा, नई पार्षद, पूरानी समिति, दैनिक नियुक्ति आदि तमाम व्यवस्थाओं को शोषणकारी व्यवस्था करार देते हुए समाप्त करने की मांग की। साथ ही सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की है। ज्ञापन में डॉ. ललित मोहन रयाल कमेटी की सिफारिशों को तत्काल लागू करने की मांग की है। संघ ने पुरानी पेंशन व्यवस्था फिर से लागू करने की भी मांग की है। कहा कि उक्त मांगों को लेकर अधिशासी अधिकारी, सचिव शहरी विकास विभाग, प्रमुख सचिव से लेकर जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री के समक्ष लगातार मांगों को पूरा करने की मांग की है। कई बार कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर वार्ता भी हुई। आश्वासन मिले लेकिन आज तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया। कहा कि सफाई कर्मचारी अपने आपको अब ठगा महशूस कर रहे हैं। जिससे सफाई कर्मचारियों में आक्रोश फैलता जा रहा है। आक्रोशित सफाई मजदूर संघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो उन्हे बाध्य होकर व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जायेगा। प्रदर्शनकारियों में सुनील, राजेश कुमार, राजेश, सतीश, संजय, रोहित कुमार, अर्जुन, पवन कुमार, सतीश, सुनीता, साई, चंद्रमाल, शिवा, समरपाल, शिवकुमार, बबली, सचिन, राहुल कुमार, राजेश, प्रदीप, सागर, बैंटन राजेश कुमार, रोहित आदि शामिल रहे।
