देवप्रयाग में देव डोलियों व श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान
नई टिहरी(आरएनएस)। मकर संक्रांति पर्व पर अलकनंदा-भागीरथी संगम पर गंगा में पुण्य स्नान के लिए श्रद्धालुओ की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने प्राचीन रघुनाथ मन्दिर में भगवान का दर्शन, पूजन व आशीर्वाद लेकर सुख समृद्धि की कामना की। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ ही देवप्रयाग तीर्थ में आधी रात से ही निशानों के साथ देव डोलियों का गुप्त स्नान शुरू हो गया। वहीं ढोल नंगाड़ों के साथ श्रद्धालुओं पर देवी-देवता भी अवतरित हुए। भारी ठंड व कोहरे में देशभर से तड़के गंगा स्नान को श्रद्धालु यहां पहुंचे थे। मुख्य स्नान संगम के अलावा भगवान राम की तपस्थली रामकुंड में हुआ। भगवान राम को कुल देवता मानने वाले पौड़ी जिले के सलाण क्षेत्र सहित एकेश्वेर, पाबौ, यमकेश्वर, श्रीनगर, पौड़ी आदि से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पुजारी समीर पंचपुरी ने इस मौके पर भगवान रघुनाथ का विशेष श्रृंगार किया। ज्योतिषाचार्य भास्कर जोशी ने बताया कि, ज्योतिषीय गणना अनुसार आगामी 73 वर्ष तक मकर संक्रांति पर्व 15 जनवरी को ही होगा। गंगा स्नान के साथ ही खिचड़ी, तिल, गुड़, ऊनी वस्त्र दान, जप, ध्यान का विशेष महत्व है। धनु राशि का खरमास समाप्त होन पर शुभ कार्यों विवाह आदि की भी मकर संक्रांति से शुरुआत हो गयी।