जल्द होगा सिविल अस्पताल में आईसीयू का काम पूरा
रुडक़ी
रुडक़ी सिविल अस्पताल में आईसीयू वार्ड के निर्माण का कार्य लगभग पूरा होने को है। अस्पताल प्रबंधन ने सिविल अस्पताल में शुरू हो रहे आइसीयू वार्ड के स्टाफ को भी प्रशिक्षण देन शुरू कर दिया है। शनिवार को विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से आईसीयू के चिकित्सक एवं अन्य स्वस्थ्य कर्मियों को यहां भर्ती होने वाले मरीजों के उपचार का प्रशिक्षण दिया। सिविल अस्पताल में पांच बेड का आईसीयू लगभग तैयार हो चुका है। बीते शुक्रवार को देहरादून से विशेषज्ञों की टीम आईसीयू का निरीक्षण करने अस्पताल पंहुची थी। टीम ने एक सप्ताह में आईसीयू को शुरू करने के निर्देश दिए थे। सिविल अस्पताल प्रबंधन ने भी आईसीयू वार्ड के चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है। शनिवार को सिविल अस्पताल के चिकित्सक व स्टाफ नर्स आदि के लिए अस्पताल के सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के लिए एक मानव डमी को रखा गया। इस डमी को मरीज बताकर उसके उपचार संबंधी जरूरी बातें चिकित्सकों और नर्सिंग अधिकारियों को बताई गई।
