मुख्य सचिव ने परमार्थ निकेतन में गंगा आरती की
ऋषिकेश
उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी रविवार को परमार्थ निकेतन पहुंचीं। उन्होंने परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती से भेंटकर कर यहां गंगा आरती की। इस मौके पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि उत्तराखंड जितना अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है, उतना ही अपनी संस्कृति के लिए भी विख्यात है। इस दिव्यता और अनुपम सौन्दर्य से युक्त राज्य की अनूठी संस्कृति है। पारंपरिक संस्कार, अनुष्ठान, आस्था, विश्वास, लोकगीत, रीति-रिवाज, भाषा और आपसी सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण वातावरण अद्भुत है।
पहाड़ पर मातृशक्ति घर, परिवार, बच्चे-बड़े, खेती और पशुओं को वह पहाड़ की तरह ही बड़ा दिल रखकर सम्भालती है। वास्तव में उनके लिये सोचने, चिंतन करने और उनके जीवन को सरल और सहज बनाने के लिये कार्य करने की नितांत आवश्यकता है। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन के क्षेत्र में अद्भुत कार्य कर रहा है। जी-20 के बाद तो उत्तराखंड की ख्याति विश्व में दूर-दूर तक फैली है। इस दौरान स्वामी चिदानंद ने मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया।
