Friday, October 16, 2026
OTHER NEWS

भाजपा का तीन दिवसीय चिंतन शिविर आज से रामनगर में होगा शुरू

देहरादून। ‘मिशन-2022’ का रोडमैप तैयार करने के लिए प्रदेश भाजपा का तीन दिवसीय चिंतन शिविर रविवार से रामनगर में शुरू होगा। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की मौजूदगी में होने वाले इस शिविर में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के अलावा प्रदेश सरकार के कामकाज, मुख्यमंत्री के उपचुनाव, कोरोना संक्रमण, पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा कार्य समेत विभिन्न बिंदुओं पर सात सत्रों में मंथन होगा। बैठक में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और पार्टी कोर गु्रप के सभी सदस्य भाग लेंगे। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने वाली भाजपा के सामने अब अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में ऐसा ही प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है। इसे देखते हुए पार्टी तैयारियों में जुटी है, लेकिन बदली परिस्थितियों में इसका रोडमैप क्या होगा, इस पर मुहर चिंतन शिविर में लगेगी। शिविर में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के अलावा भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, महामंत्री संगठन अजेय, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत सभी मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पांचों सांसदों सहित पार्टी कोर ग्रुप के सदस्य भाग लेंगे। चिंतन शिविर के दौरान कुल सात सत्र होंगे। इनमें से तीन सत्रों में आगामी विधानसभा चुनाव के रोडमैप को लेकर चर्चा की जाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि शिविर में कोविड काल के दौरान होने वाले उपचुनाव पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही राज्य में कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निबटने की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा ही संगठन से संबंधित कार्यों के बारे में वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन लिया जाएगा। शिविर का समापन 29 जून को होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *