Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

महिला से लूटपाट कर घायल करने का आरोपी गिरफ्तार

अल्मोड़ा

सल्ट में महिला से लूटपाट कर उसे घायल करने का आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक निकटवर्ती गांव का ही रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने लूटा गया पूरा जेवर बरामद कर लिया है। दरअसल, घटना रविवार की है। पीपना गांव निवासी कौशल्या देवी (65) पत्नी किशोर सिंह अपनी रिश्तेदारी में कहीं गई हुई थी। रविवार को करीब 11 बजे वह मौलेखाल बाजार से अपने घर पीपना जाने के बाद एक टैक्सी में सवार हुई। रास्ते में कफल्टा नामक स्थान से एक युवक भी इस वाहन में सवार हुआ। थोड़ी देर बाद महिला पीपना में वाहन से उतरी तो यह युवक भी टैक्सी चालक को किराया देकर वहीं पर उतर गया। महिला अपने गांव के पैदल रास्ते पर जाने लगी तो युवक उसके पीछे पीछे हो लिया। सुनसान रास्ते में कौशल्या देवी को अकेले पाकर युवक से उसके साथ छीना झपटी शुरू कर दी। युवक ने महिला के कान से उसके झुमके खींच लिए। गले की सोने की माला भी छीन ली। महिला के शोर मचाने पर युवक जेवर लेकर वहां से फरार हो गया। आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह कड़ाकोटी ने इसकी जानकारी सल्ट थाने में दी। लूटपाट की घटना में घायल कौशल्या देवी को आनन फानन में पुलिस के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसके कान में टांके लगाए। उपचार के बाद महिला को उसके घर छोड़ दिया गया। इस मामले में पहले बाहरी व्यक्ति पर शक किया जा रहा था, लेकिन बाद में पता चला कि आरोपी सैंणमानुर गांव का रहने वाला है। लोगों ने उसे गत रात ही पकड़ा और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया था। आरोपी की पहचान कैलाश उर्फ किशोर मनराल के रूप में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *