Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

अल्मोड़ा के टाटिक हेलीपैड पर जल्द उतरेगा यात्रियों का हेलीकॉप्टर: डीएम

अल्मोड़ा

अल्मोड़ा के टाटिक हेलीपैड पर जल्द ही हेली सेवा पुनः संचालित की जाएगी। यह बात जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने टाटिक हेलीपैड के निरीक्षण के दौरान कही। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ हेलीपैड का निरीक्षण किया तथा जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी 3 अक्टूबर को टाटिक हेलीपैड का शुभारंभ किया जाना प्रस्तावित है तथा इस दिन हेली यात्रा का भी शुभारंभ कर दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए कि उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी जरूरी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लैंडिंग ग्राउंड में जो भी कमियां हैं उन्हें प्राथमिकता के साथ दूर करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि हेलीपैड के अप्रोच मार्ग को भी ठीक किया जाए तथा जहां भी स्लाइड से मलबा आया है उसे हटाकर मार्ग को चाक चौबंद रखा जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने यात्रियों के बैठने एवं वेटिंग कक्षों का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक साफ सफाई, टॉयलेट, जलापूर्ति तथा बिजली जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अल्मोड़ा के लिए हेली सेवा संचालित होने से जहां एक ओर पर्यटन उद्योग को बल मिलने के साथ जनपद की आर्थिकी को बढ़ाने में मदद मिलेगी वहीं दूसरी ओर यात्रियों का अल्प समय में देहरादून पहुंचना भी आसान होगा। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने उदय शंकर नृत्य अकादमी का भी निरीक्षण किया तथा इस संबंध में विभिन्न जानकारियां प्राप्त की। यहां उपस्थित क्षेत्रीय पुरातात्विक अधिकारी डॉ सीएस चौहान ने इस संबंध में जिलाधिकारी को जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि इस जिले में उदय शंकर नृत्य अकादमी जैसे संस्थान का होना अल्मोड़ा के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अकादमी के संचालन एवं इसके बेहतर उपयोग के लिए कार्य किया जाएगा तथा यहां विभिन्न गतिविधियों के आयोजन कराकर इस संस्थान का सदुपयोग किया जाएगा। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर जयवर्धन शर्मा, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी विभोर गुप्ता, तहसीलदार अल्मोड़ा ज्योति धपवाल समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *