Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

नशे में धुत कार चालक ने चेकिंग बैरियर तोड़ा, दरोगा की वर्दी फाड़ी

देहरादून

नशे में धुत कार चालक ने बड़ोवाला पुल पर रात को चेकिंग के लिए लगाए गए बैरियर में टक्कर मार दी। इसके बाद वहां ड्यूटी पर तैनात दरोगा के साथ मारपीट की और वर्दी फाड़ दी। आरोपी ने कार में डेढ़ साल की बच्ची की बैठाया हुआ था। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार करने के साथ आरोपी के परिजनों को बुलाकर बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया। घटनाक्रम को लेकर आरोपी कार चालक  के खिलाफ पटेलनगर थाने में केस दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर पटेलनगर केके लुंठी ने बताया कि बीते आठ नवंबर की रात पुलिस में तैनात उप निरीक्षक अशोक कुमार और सिपाही सतीश गोस्वामी बड़ोवाला में  बैरियर ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 9:40 बजे एक सफेद ब्रेजा कार का चालक बड़ोवाला पुल के पास स्थित पुलिस बैरियर से टकरा गया। इसी बीच पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर के चालक दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि बैरियर में टकराने वाले कार चालक ने उसकी गाड़ी को भी इसे पहले टक्कर मारी गई। रुकने का इशारा करने पर वह भाग निकला। पुलिस ने बैरियर पर टक्कर मारने वाले कार के चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम प्रशांत भंडारी निवासी नत्थुवाला, नेहरू कॉलोनी बताया। उस समय उसके साथ एक डेढ़ वर्ष की बच्ची भी थी। प्रशांत नशे में होने के कारण बेकाबू हो गया और पुलिसकर्मियों से बदतमीजी करने लगा। उसने उप निरीक्षक अशोक कुमार के साथ मारपीट की। जिससे उन्हें पैरों और पीठ में चोटें आईं। इसके अलावा प्रशांत ने बैरियर पर धक्का मार दिया, जिससे अशोक कुमार के पैर में भी चोटें आईं और उनकी वर्दी फट गई। आरोपी चालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसका मेडिकल कराया गया। जिसमें नशे में होने की पुष्टि हुई। घायल उप निरीक्षक ने प्रेमनगर अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद आरोपी के खिलाफ प्रेमनगर थाने में केस दर्ज कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *