Thursday, October 15, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

साधु-संतों के आशीर्वाद से एक दिन हम यमुना में भी स्नान करेंगे: गुप्ता

हरिद्वार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वह चाहती हैं कि एक दिन हम यमुना में भी स्नान करें। इसके लिए वह सभी साधु-संतो का आशीर्वाद चाहती हैं। उन्हें यमुना स्वच्छता के लिए बहुत काम करना है, इसलिए गंगा तट पर उन्होंने अपने लक्ष्य को दोहराया है। मुख्यमंत्री गुप्ता ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और उन्हें दिल्ली के लिए प्रेरणा बताया। यह बातें उन्होंने रविवार को कनखल में आयोजित ‘वात्सल्य गंगा आश्रय के लोकार्पण पर कहीं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एक दिन पहले ही दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे हुए हैं और सौभाग्य की बात है कि आज उन्हें हरिद्वार में गंगा स्नान के साथ ही साध्वी ऋतम्भरा दीदी का आशीर्वाद मिला है।
साध्वी ऋतम्भरा को पद्म विभूषण मिलने के बाद पूरे देश में खुशी की लहर है। इस मौके पर साध्वी ऋतम्भरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना की और कहा कि उत्तराखंड को निरापद बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। पुष्कर सिंह धामी देश के प्रति द्रोह रखने वालों पर अंकुश लगाने वाले भारत के पहले मुख्यमंत्री हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान ऑपरेशन सिंदूर पर साध्वी ऋतम्भरा ने भारतीय सेना के शौर्य की सराहना की और कहा भारत की सेना किसी को छेड़ती नहीं है और जब कोई छेड़ता है तो सेना उसे कभी छोड़ती नहीं है। सीएम धामी को बताया सीनियर सीएम सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी सीनियर हैं और वो उनकी जूनियर मुख्यमंत्री हैं। वो चाहती हैं कि उन्हें अपने भाई से ज्ञान मिलता रहे। जिस तरह से उत्तराखंड से निकलकर आधी गंगा जी दिल्ली में जाती हैं उसी तरह से पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड में जितनी भी अच्छी योजनाएं लाएंगे वो उन्हें दिल्ली में भी पास करने का कार्य करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *