Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

विधायक ने किया आसन नदी की बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण

विकासनगर।

आसन नदी के उफान पर आने से सेलाकुई नगर पंचायत की अंबेडकर कालोनी को खतरा पैदा हो गया है। बुधवार सुबह नदी का पानी बस्ती में लोगों के घरों के अंदर तक पहुंच गया। बस्ती के आधे से अधिक क्षेत्र में भारी भू कटाव हुआ है। विधायक ने बस्ती में हुए नुकसान का जायजा लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। सेलाकुई की अंबेडकर बस्ती के साथ ही प्रतीतपुर, जस्सोवाला, शाहपुर, आदूवाला, आसनपुल बस्ती में भी कई बीघा जमीन आसन नदी की बाढ़ लील गई। यहां हर साल कृषि भूमि बाढ़ के पानी में बह जाती है। जिससे स्थानीय लोगों के भूमिहीन होने का संकट पैदा हो गया है। बुधवार सुबह से ही आसन नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया था। तीव्र वेग से आता हुआ पानी लोगों के घरों के अंदर पहुंचने लगा, जिससे अंबेडकर बस्ती में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए घरों से भाग निकले। स्थानीय निवासी राम लाल, रतिराम, नवीन कुमार वर्मा ने बताया कि पानी का वेग कुछ कम होने के बाद ही लोग घरों को लौटे, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। बुधवार दोपहर विधायक ने बस्ती का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जेसीबी मशीन आसन नदी का रुख बस्ती से दूर मोडऩे के निर्देश दिए। इसके साथ ही एसडीएम को प्रभावित लोगों को त्वरित आर्थिक सहायता मुहैया कराने को कहा। इस दौरान सुखदेव फर्सवाण, यशपाल नेगी, अनिल नौटियाल, भगत सिंह राठौर, सूर्यवीर सिंह चौहान, विजयपाल बर्त्वाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *