Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

मानसखण्ड विज्ञान केंद्र में राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय प्रमुख ‘विज्ञान केंद्रों का भविष्य’ पर करेंगे चर्चा

अल्मोड़ा

मानसखण्ड विज्ञान केंद्र, अल्मोड़ा में 13 से 15 फरवरी 2026 तक 21वां राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय प्रमुखों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में केंद्र परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में वैज्ञानिक प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र जोशी ने बताया कि यह प्रतिष्ठित सम्मेलन पहली बार उत्तराखंड में हो रहा है, जो राज्य के लिए विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मेलन राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, कोलकाता के तत्वावधान में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यू-कॉस्ट) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। सम्मेलन में देशभर के लगभग 50 विज्ञान संग्रहालयों और केंद्रों के निदेशक, वरिष्ठ वैज्ञानिक, नीति-निर्माता और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। डॉ. नवीन चंद्र जोशी ने बताया कि इस वर्ष सम्मेलन की केंद्रीय थीम ‘विज्ञान केंद्रों का भविष्य’ रखी गई है। सम्मेलन में विज्ञान संग्रहालयों की बदलती भूमिका, डिजिटल और इंटरैक्टिव तकनीकों का उपयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्रदर्शन, विज्ञान संचार के नए मॉडल और बच्चों व युवाओं को विज्ञान से जोड़ने के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत के नेतृत्व में राज्य में विज्ञान और नवाचार को शिक्षा, शोध और समाज से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार भी विभिन्न जिलों में विज्ञान केंद्र स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है। सम्मेलन से प्राप्त निष्कर्ष विज्ञान केंद्रों की भविष्य की दिशा तय करने में सहायक होंगे। सम्मेलन में राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद के महानिदेशक अरिजीत दत्ता चौधरी सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञ और वैज्ञानिक भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *