शराब के चक्कर में गई पिता की जान, बेटों ने ही उतारा मौत के घाट
रायपुर/धमतरी।
पिता की शराब की लत से परेशान 2 बेटों ने पिता को मौत के घाट उतार दिया। मामला कुरुद थाना के जोरातराई गांव का है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि जोरातराई निवासी अशोक साहू (47) शराब पीने का आदि था। अशोक रोज शराब पीकर घर में आता था और अपनी बीवी से विवाद करता था। इसी दौरान उसके दोनों बेटे रुपेश साहू (23) और टोमन साहू (22) भी रायपुर से मंगलवार को घर लौटे थे। रुपेश और टोमन रायपुर में मोटर मैकेनिक का काम करते थे।
दोनों जैसे ही करीब 12 बजे अपने घर पहुंचे उनसे भी अशोक विवाद करने लगा। दोनों ने उसे समझाने की भी कोशिश की, फिर भी अशोक नहीं माना। इससे गुस्से में आकर रुपेश और टोमन ने अशोक के सिर पर हाथ में पहने हुए कड़े से कई बार हमला किया, फिर ईंट उठाकर उसके सिर में दे मारी। जिससे अशोक की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और दोनों बेटों को घर से ही गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उनके पिता आए दिन शराब पीकर घर मे विवाद करते थे। उनके पिता ने कई बार उनकी मां से मारपीट की थी। जिसके चलते रोज-रोज घर में विवाद चलते रहता था।
