Friday, October 16, 2026
NATIONAL

नायडू और मोदी ने कोविंद को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

नईदिल्ली।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
नायडू ने शुक्रवार को यहां जारी एक संदेश में कहा कि कोविंद को सरलता, उच्च जीवन मूल्य और उत्कृष्ट विचारों के लिये जाना जाता है। उप राष्ट्रपति ने कहा, माननीय राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को आज उनके जन्म दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और प्रसन्नता की कामना करता हूं। मेरी कामना है कि वह आने वाले कई वर्षों तक राष्ट्र की सेवा करें।
मोदी ने कोविंद को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की बधाई। उनके विनम्र व्यक्तित्व के कारण पूरा देश उनसे प्यार करता है। उनका समाज के गरीब और हाशिये के वर्गों को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान है, जो अनुकरणीय है। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।
शाह ने कहा, राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। देश के हर वर्ग के कल्याण और समाज में समता व समरसता के प्रति आपकी प्रतिबद्धता प्रेरणीय है। आपके ज्ञान व अनुभव से देश को निरंतर लाभ मिला है। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूं।
कोविंद को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए नड्डा ने कहा, उदार व्यक्तित्व के धनी राष्ट्रपति जी का कमजोर और वंचित वर्ग को समर्पित जीवन हमारे लिए प्रेरणास्पद है। आपके अनुभवों का लाभ निरंतर समाज को मिल रहा है। मैं आपके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की प्रार्थना करता हूँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *