विरोध की आशंका के चलते सपा विधायक नजरबंद किये गए,काले गुब्बारे और काले झंडे दिखाए
कानपुर।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कानपुर मेट्रो के ट्रायल रन को हरी झंडी दिखाई। भाजपा और सपा में मेट्रो का श्रेय लेने की होड़ मच गई है। भाजपा जहां इसे विकास की इबारत बता रही है तो समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता सपा सरकार में किए गए शिलान्यास कार्यक्रम की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं।
वहीं, सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ट्रायल से पहले मंगलवार की रात मेट्रो डिपो पहुंच गए। उन्होंने फोटो खिंचाकर इसे सपा का काम बताया। विरोध की आशंका के चलते काकादेव पुलिस ने बुधवार सुबह ही उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया। सीएम का सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सपा शासन के मेट्रो प्रोजेक्ट को योगी अपना बता रहे हैं। सपाइयों ने यहां सीएम को काले गुब्बारे और काले झंडे दिखाए।
2016 में हुआ था शिलान्यास
सपा सरकार में कानपुर मेट्रो का शिलान्यास 4 अक्टूबर 2016 को किया गया था। इस कार्यक्रम में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू के साथ कानपुर से सांसद रहे डा. मुरली मनोहर जोशी भी मौजूद थे। वहीं सोशल मीडिया पर तेजी से ‘कानपुर को मेट्रो देने के लिए धन्यवाद अखिलेश जी’ जैसे स्लोगन लिखे पोस्टर वायरल किए जा रहे हैं।
चुनावी साल में श्रेय लेने की होड़
समाजवादी पार्टी अपने कार्यकाल में किए गए सभी शिलान्यास कार्यों को लेकर हमेशा से मुखर रही है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव भी लगातार पब्लिक फोरम पर ये बात कहते आए हैं कि भाजपा पार्टी उनके कार्यों का ही लोकार्पण कर रही है। कानपुर मेट्रो को लेकर भी अखिलेश ने हमेशा ही क्रेडिट लिया है।
सपा लगवाएगी होर्डिंग
पार्टी के सूत्रों के मुताबिक कानपुर मेट्रो को लेकर सपा पूरे शहर में होर्डिंग लगवाएगी। सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने बताया कि इसमें कोई शक नहीं है कि कानपुर मेट्रो की नींव अखिलेश यादव ने रखी थी। भाजपा में सपा में कराए गए कार्यों का लोकार्पण किया जा रहा है। लोग सब जानते हैं कि विकास कार्य किसने तेजी से कराए हैं।
