थाने के सामने से ट्रांसपोर्टर का रुपयों से भरा बैग हुआ पार,पुलिस ने बैग गिरने की तहरीर लिखवाई
कानपुर।
चकेरी थाने के सामने से शातिरों ने ट्रांसपोर्टर का रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद पीड़ित व्यापारी थाने शिकायत करने पहुंचे तो पुलिस उन्हें दोषी बताने लगी। जिसके बाद पुलिस ने बैग चोरी होने की बजाय गिरने की तहरीर लिखवाई।
चकेरी के सनिगवां निवासी कुलदीप सिंह ट्रांसपोर्टर हैं। वह घंटाघर स्थित सीपीसी माल गोदाम से सीमेंट को भिजवाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर शाम को रोज की तरह ट्रांसपोर्ट से कलेक्शन हुआ 2.12 लाख रुपए एक बैग में रखा। जिसके बाद रात करीब 8 बजे वह सीपीसी माल गोदाम से कर्मचारी रजनीश पटेल के साथ रुपए से भरा बैग लेकर स्कूटी से घर जा रहे थे। इस बीच चकेरी थाने के सामने स्कूटी रोककर उन्होंने कर्मचारी को रुपए देकर सामान लाने के लिए कहा। इस बीच वह स्कूटी में ही बैठे थे। लेकिन किसी शातिर ने स्कूटी में टंगा उनका बैग पार कर दिया। घटना की जानकारी होने के बाद वह चकेरी थाने शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी उल्टा उन्हें ही दोषी ठहराने लगे। साथ ही बैग चोरी होने की बजाय बैग गिरने की शिकायत देने पर ही रिपोर्ट लिखने की बात कहने लगे। जिसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों के अनुसार ही तहरीर दी। थाना प्रभारी मधुर मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
