हरिद्वार में स्नान पर्व पर और बढ़ेगी जोन व सेक्टर की संख्या
हरिद्वार
2021 कुंभ में आने वाले स्नान पर्व पर पुलिस से जुड़ी व्यवस्थाओं को और ज्यादा चाक-चैबंद बनाने के लिए जोन और सेक्टर की संख्या बढ़ाई जाएगी। महाशिवरात्रि स्नान पर्व की व्यवस्थाएं परखने के बाद डीजीपी अशोक कुमार ने इस बाबत निर्देश दिए हैं। कुंभ मेला आइजी संजय गुंज्याल ने आगामी स्नान पर्व को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
महाशिवरात्रि स्नान पर्व पर तीन सुपर जोन, नौ जोन और 25 सेक्टर बनाए गए थे। शनिवार को डीजीपी अशोक कुमार ने हरिद्वार पहुंचकर डि ब्रीफिंग बैठक में सामने आए सुझावों और अनुभवों के आधार पर मेला पुलिस को कई अहम निर्देश दिए। डीजीपी ने अपने भ्रमण और अनुभव का हवाला देते हुए निर्देश दिए कि आगामी शाही स्नान पवरें पर बड़े जोन और सेक्टर बनाने के बजाय छोटे-छोटे सेक्टर बनाए जाएं। इनमें पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को दिक्कत न उठानी पड़े। कुंभ मेला आइजी संजय गुंज्याल ने बताया कि आगामी स्नान पवरें पर आवश्यकता के अनुसार जोन व सेक्टर की संख्या तय की जाएगी। मुख्य उद्देश्य यह है कि किसी भी श्रद्धालु को कोई दिक्कत न उठानी पड़े। साथ ही स्थानीय निवासियों को भी कोई परेशानी न हो।
कुंभ के शाही स्नान की तैयारियों के मद्देनजर मेला आइजी संजय गुंज्याल ने रविवार को कुंभ मेला पुलिस की कोर टीम के अधिकारी व कर्मचारियों की बैठक ली। कहा कि सभी घाटों, पार्किंग, डायवर्जन और मुख्य मार्गों पर सूचना बोर्ड लगवाए जाएं। होमगार्डस की ड्यूटी कहां-कहां लगी है, इसकी पूरी जानकारी लेकर जरूरत के हिसाब से अन्य थाने-चैकी पर भी उनकी ड्यूटी लगाएं।
बैठक में आइजी संजय गुंज्याल ने अर्धसैनिक बलों का ड्यूटी चार्ट इस हफ्ते तक तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी जिलों के पेशकारों का एक ग्रुप बना कर उनसे पुलिस बल का आवंटन को लेकर समन्वय बनाया जाए। पार्किंग में अखाड़ों के शाही स्नान को लाइव दिखाने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाए जाने पर विचार किया जाए। आवश्यकतानुसार पर्याप्त संख्या में वायरलेस सेट उपलब्ध करा दिए जाएं। सभी सेक्टर का गूगल का रंगीन नक्शा बना लिया जाए। जिसमें सभी ड्यूटी प्वाइंट को अच्छे से दिखाया जाए।
