Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

हाउस टैक्स की दरों में संशोधन न करने पर भड़का मंच

 

ऋषिकेश। उत्तराखंड जन विकास मंच ने हाउस टैक्स की दरों में संशोधन करने की जगह छूट देने और बिजली-पानी की दरों में की गई वृद्धि वापस नहीं लेने पर आक्रोश जताया है। लोगों को राहत देने की मांग को लेकर मंच ने धरना प्रदर्शन जारी रखते हुए चेताया कि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

गुरुवार को नगर निगम के सामने उत्तराखंड जन विकास मंच का संपत्ति कर, पानी, बिजली के बिलों में वृद्धि को लेकर धरना 18 वें दिन भी जारी रहा। धरने पर डटे लोगों ने कहा कि नगर निगम प्रशासन ने भवन कर की दरों में संशोधन करने की बजाय सिर्फ छूट की घोषणा कर जनता के साथ छल किया है। एक स्वर में हाउस टैक्स की दरों को न्यूनतम करने की मांग की। नगर पालिका के पूर्व सभासद हरिशानंद ने कहा कि नगर निगम ऋषिकेश का बोर्ड ऋषिकेश की जनता की मांगों पर पूर्ण रूप से खरा नहीं उतर पा रहा है। इस दौरान पुतला फूंककर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। धरना स्थल पर पहुंचे आयकर विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी एसडी सक्सेना ने मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की। धरने पर रामकृपाल गौतम, आशुतोष शर्मा, लेखराज भंडारी, सुरेंद्र सिंह नेगी, मनोरंजन राय, सुशील कुमार, हरीश शर्मा, राजू गुप्ता, राजेश कुमार, राजेंद्र पाल, जतिन जाटव, प्रेमलाल कंडवाल, हरीश शर्मा, अंशुल पाल, प्रवीण, विनीत गुप्ता, आदर्श कुमार, दीपू, आकाश सिंह आदि डटे रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *