देवप्रयाग विधानसभा की अनदेखी नहीं होगी बर्दाश्त: बिष्ट
श्रीनगर गढ़वाल। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रमुख देवप्रयाग मगन सिंह बिष्ट ने मलेथा में जनसभा आयोजित कर देवप्रयाग विधानसभा की लगातार हो रही उपेक्षा व अनदेखी पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग विकास की दृष्टि से पिछड़ा हुआ क्षेत्र है। उन्होंने पूर्व मंत्रियों पर बाहरी लोगों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। बिष्ट ने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा वासियों ने बाहरी लोगों के हाथों सत्ता सौंपी है। जिसका परिणाम यहां की स्थानीय जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि वह देवप्रयाग विधानसभा के स्थानीय निवासी हैं और इस बार देवप्रयाग विधानसभा से उनकी प्रबल दावेदारी है। कहा स्थानीय व्यक्ति ही यहां का चहुंमुखी विकास कर सकता है। कहा देवप्रयाग प्रमुख के कार्यकाल के दौरान उन्होंने चंद्रबदनी सिद्ध पीठ मेला को पयर्टक स्थल के तौर पर पहचान दिलाने का काम किया व पार्किंग की व्यवस्था भी की। कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश उन्नति की ओर अग्रसर है। कहा यदि भाजपा उन्हें टिकट देती है तो वह देवप्रयाग की जनता की सेवा करते रहेंगे। मौके पर शूरवीर सिंह बिष्ट, डीडी पंत, सुरेश तिवाड़ी, धूम सिंह लिंगवाल, धनवीर रावत, विक्रम बिष्ट, पूर्व सभासद कीर्तिनगर जय सिंह कठैत आदि मौजूद रहे।
