Friday, October 16, 2026
OTHER NEWS

बीडीसी सदस्यों ने उठाई बूस्टर डोज लगाने की मांग

रुद्रप्रयाग। क्षेत्र पंचायत मन्दाकिनी अगस्त्यमुनि की बैठक में सड़क, पेयजल विद्युत एवं बन्दरों की समस्या छाई रही। सदस्यों ने उनके द्वारा उठाई गई समस्या पर सम्बन्धित विभाग द्वारा कार्यवाही के सम्बन्ध में कोई सूचना न दिए जाने पर नाराजगी जताई। सदन में आज मन्दाकिनी ब्लॉक से अलग रुद्रप्रयाग ब्लॉक के गठन हेतु प्रस्ताव पास किया गया। वहीं प्रधानों ने उन्हें फ्रण्टलाइन कोरोना वारियर घोषित कर बूस्टर डोज लगवाने की मांग की।
ब्लॉक सभागार में प्रमुख विजया देवी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक प्रारम्भ हुई। सर्वप्रथम नव नियुक्त बीडीओ प्रवीण भट्ट का स्वागत किया गया। तत्पश्चात् बीडीओ द्वारा पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़ी गई एवं पुष्टि की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रमुख विजया देवी ने सभी सदस्यों को सदन की गरिमा बनाये रखने का अनुरोध किया। वहीं अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ आने को कहा। डीडीओ मनिन्दर कौर ने अधिकारियों को सदस्यों द्वारा सदन में उठाये गये मुद्दों पर समय से जबाब देने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए जबाबदेही सुनिश्चित करने का आश्वासन सदस्यों को दिया।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष विजयपाल राणा ने वन्य जीव समस्या पर ध्यान आकृष्ट करते हुए इनसे निजात दिलाने की मांग की। उन्होंने वन विभाग एवं राजस्व विभाग पर विकास कार्यों में अवरोध पैदा करने का आरोप लगाया। कहा कि सभी विकास सम्बन्धी कार्यों की स्वीकृति के समय ही खनन का राजस्व जमा करा दिया जाता है। बावजूद इसके वन विभाग एवं राजस्व विभाग द्वारा प्रधानों एवं कार्यदायी व्यक्ति को परेशान किया जाता है। उन्होंने वन विभाग से ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से फैल रहे लैन्टीना घास को कटवाकर वहां पौधरोपण कराने की मांग की। मयकोटी के प्रधान अमित प्रदाली ने अधिकारियों द्वारा सदन में उठाये गये मुद्दों पर कोई कार्यवाही न करने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *