एप के माध्यम से जाना वोटर कार्ड बनाना
बागेश्वर। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज गरुड़ के छात्रों ने एप के माध्यम से वोटर कार्ड बनाना सीखा। इस मौके पर छात्रों को सी विजिल और पीडब्ल्यूडी एप की विस्तृत जानकारी दी गई। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत स्वीप की टीम ने पॉलीटेक्निक कॉलेज में छात्राओं को विविध जानकारी देकर मतदान के लिए प्रेरित किया। स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी उमेश जोशी ने छात्रों को मतदान करने की विस्तार से जानकारी दी। सी विजिल एप की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि किस प्रकार स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान की प्रक्रिया को सफल बना सकते हैं।उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं के लिए पीडब्ल्यूडी एप की जानकारी देते हुए कहा कि वे एप के माध्यम से सारी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। छात्रों ने जानकारी के बाद एप का प्रयोग व प्रदर्शन किया।टीम के सदस्यों ने छात्रों से शत-प्रतिशत मतदान करने में अपना योगदान देने और एप की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की।छात्रों ने शत-प्रतिशत मतदान कराने की शपथ ली। इस दौरान आलोक पांडे, कैलाश प्रकाश चंदोला, शंकर टम्टा, कैलाश खुल्बे, मोहन जोशी, हिमांशु खोलिया, गौरव जोशी आदि मौजूद थे।
