Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

पूर्व मंत्री की पत्नी ने सपा पार्टी से किया नामांकन

 

अमेठी

विधानसभा अमेठी से बुधवार को पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी महाराजी ने सपा से दो सेटों में नामांकन किया। इस दौरान काफी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे। नामांकन कक्ष से निकलने के बाद महाराजी रो पड़ीं। साथ के लोग उनके आंसू पोंछने लगे। रोते हुए कंपकंपाते स्वर में महाराजी प्रजापति ने कहा कि पति को न्याय दिलाने के लिए चुनाव लड़ रही हूं। बुधवार को कलेक्ट्रेट से विधानसभा प्रत्याशी के रूप में सपा से नामांकन करने के बाद भी वह भावुक हो गईं। महाराजी को उम्मीद है कि उनके पति गायत्री प्रसाद प्रजापति के पाप शायद उनके आंसुओं से धुल जाएंगे। तभी तो वह विधानसभा क्षेत्र में घूम-घूम कर पति गायत्री के लिए न्याय मांग रही हैं।

बताते चले कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में गायत्री प्रजापति को अमेठी की महारानी गरिमा सिंह ने करीब पांच हजार मतों से हरा दिया था। गरिमा सिंह भाजपा के कद्दावर नेता डा. संजय सिंह की पहली पत्नी हैं। वह भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ीं थी। हालांकि इस बार अभी तक भाजपा ने अमेठी से अपना पत्ता नहीं खोला है। कांग्रेस ने भी अभी तक इस सीट से किसी को प्रत्याशी नहीं बनाया है। इस दौरान सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह, अनुराग प्रजापति, जिलाध्यक्ष राम उदित यादव समेत कई समाजवादी पार्टी के नेता व समर्थक मौजूद रहे।वहीं कालीदीन कोरी ने नेशनल प्राउटिस्ट ब्लाक इंडिया पार्टी से एक सेट में नामांकन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *