तेल के खाली कंटेनर में आग लगने से मची अफरा-तफरी
ऋषिकेश। देहरादून रोड स्थित केरोसीन ऑयल के पिछले काफी समय से बंद डिपो में रखे एक कंटेनर में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंचे फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को काबू किया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ऋषिकेश फायर स्टेशन अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि देहरादून रोड पर बालाजी बागीचा के सामने श्यामलाल बाला प्रसाद फर्म का केरोसीन ऑयल का डिपो है, जो पिछले कई सालों से बंद पड़ा है। रविवार को फर्म के स्वामी संजीव गोयल डिपो में सफाई करवा रहे थे, इसी बीच डिपो में रखे तेल के खाली कंटेनर में आग लग गई। जब तक वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते आग की लपटे उठने से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर फायर कर्मी वाहन लेकर मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया। डिपो में आग के तेजी से फैलने पर उसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर दो अन्य अग्निशमन वाहन बुलाने पड़े, तब जाकर आग को बुझाया जा सका। एफएसओ के मुताबिक तेल के पुराने कंटेनर की ओर सफाई के दौरान संभवत किसी ने जलती बीड़ी फेंक दी, जिससे कंटेनर में आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ी घटना टल गई। बंद पड़े तेल डिपो के आसपास दोपहिया वाहन का शोरूम और गैराज है, जहां आग की लपटे पहुंचने पर भारी नुकसान हो सकता था।
