Friday, October 16, 2026
STATE NEWS

स्वास्थ्य मेलों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

 

मेरठ,

आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में जनपद के सभी विकास खंडों में 18 अप्रैल से विशेष स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों में स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने जनपद में मेले के आयोजन के लिए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसीएमओ स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

एसीएमओ डॉ. एनएस मान, डा विपिन कुमार,डा.एस के अग्रवाल,डा सुधीर कुमार, डॉ. विश्वास चौधरी, डॉ. प्रवीण गौतम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सीएमओ ने बताया 18 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सीएचसी सरूरपुर,19 अप्रैल को सीएचसीजानी,भूड़बराल,माछरा, 20अप्रैल को सीएचसी हस्तिनापुर, खरखौदा, परीक्षितगढ़,मवाना औरभावनपुर, 22अप्रैल को सीएचसी रोहटा, सरधना, दौराला पर स्वास्थ्य मेला आयोजित होगा।

डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया स्वास्थ्य मेला के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की ओर से चलाई जा रही योजनाओं व कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। मेले में सामान्य चिकित्सा, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श, मोतियाबिंद की जांच, आंख कान, नाक एवं गले की जांच की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा आयोजन में दंत चिकित्सा जांच, त्वचा की जांच, पोषण के लिए परामर्श, एड्स नियंत्रण के लिए परामर्श, कुष्ठ नियंत्रण, टीबी नियंत्रण, मलेरिया की जांच सुविधा उपलब्ध रहेगी।

धूम्रपान और तंबाकू के सेवन से बुरे प्रभाव की जांच, कैंसर नियंत्रण जागरूकता समेत अन्य विभागों के इलाज संबंधी सेवाएं भी मिल सकेंगी।सीएमओ ने बताया सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करने और उससे लाभान्वित करने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन एवं मातृ. शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, संचारी एवं गैर संचारी रोगों की रोकथाम आदि प्रमुख हैं। मेले में स्वास्थ्य विभाग खाद्य विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग, आयुष, शिक्षा, सूचना एवं प्रसार, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण एवं शहरी विकास विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, आयुष्मान भारत के स्टाल लगेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *