Friday, October 16, 2026
STATE NEWS

दुपट्टे से गला घोंटकर विदेशी महिला की हत्या, दुष्कर्म की आशंका

हापुड़,

नगर रेलवे स्टेशन के पास बचे शौचालय के पीछे झाडिय़ों में एक विदेशी महिला का शव मिला है। महिला की दुप्पटे से गला घोटकर हत्या की गई है। मौके पर मिले साक्ष्य के आधार पर दुष्कर्म की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। मंगलवार सुबह शव मिलने पर अफसरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर एएसपी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन, कामयाबी नहीं मिल सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है।
15 दिन पहले एक 40 वर्षीय महिला नगर के रेलवे स्टेशन पर आई थी। स्टेशन परिसर में बने मुसाफिरखाने में रह रही थी। वहां रहने वाले लोगों ने बताया कि महिला स्वयं को नेपाल के काठमांडू की रहने वाली बताती थी। मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने महिला का शव रेलवे स्टेशन के पास बचे शौचालय के पीछे झाडिय़ों में पड़ा देखा। लोगों ने मामले की सूचना जीआरपी, आरपीएफ और कोतवाली पुलिस को दी। शव मिलने की सूचना पर एएसपी सर्वेश मिश्रा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।
दुप्पटे से महिला का गला घोटा गया था। दुप्पटा महिला के गले में ही बंधा हुआ मिला है। उसके चेहरे और शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान है। महिला के मुहं पर खून भी लगा था। पुलिस ने स्थानीय लोगों को मौके पर बुलाकर महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन, महिला की पहचान नहीं हो सकी। हालांकि पुलिस के हाथ महिला का एक बैग लगा है। लेकिन उसमें कपड़ों के अलावा कुछ और नहीं मिला था।
घटनास्थल पर मिली चादर, दुष्कर्म की आशंका
घटना स्थल पर एक चादर भी मिली है। झाडिय़ों को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानों चादर बिछाकर कुछ लोग वहां बैठे हो। अंदेशा है कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है। एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस लगातार महिला की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
शराब की शौकीन थी महिला
मुसाफिरखाने में रहने वाले कुछ लोगों ने बताया कि महिला शराब की शौकीन थी। शराब का सेवन कर अक्सर वह लोगों से लड़ती झगड़ती रहती थी। पिछले एक सप्ताह से महिला देर शाम के वक्त कुछ लोगों के साथ घूमती रहती थी। सोमवार रात महिला के साथ स्टेशन परिसर पर कुछ लोग मौजूद थे। सभी ने एक साथ बैठकर शराब का सेवन भी किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *