योगी के बुलडोजर वाले एक्शन पर भड़के औवेसी, हिम्मत हैं तब अजय मिश्रा का घर तोड़कर दिखाए
हैदराबाद
पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ नूपुर शर्मा की कथित टिप्पणी को लेकर यूपी के कई शहरों में हिंसा की खबर आई थी। इसके बाद हिंसा करने वालों के खिलाफ योगी आदित्यनाथ की सरकार लगातार एक्शन ले रही है। इसी कड़ी में प्रयागराज के मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर वाला एक्शन हुआ है। जिसके बाद एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भड़क गए हैं। उन्होंने योगी को चुनौती देकर कहा कि अगर हिम्मत है, तब अजय मिश्र टेनी का घर तोड़िए। बता दें कि अजय मिश्र टेनी पर लगातार विपक्ष लखीमपुर खीरी हिंसा कांड को लेकर हमलावर रहता है।
ओवैसी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी सुप्रीम जस्टिस बन चुके हैं। वे खुद अपनी अदालत में किसी की पेशी करेंगे और घर तोड़ देंगे। उन्होंने चौलेंज देकर कहा कि अगर हिम्म्त है, तब टेनी (अजय कुमार मिश्रा) का घर तोड़िए, उनपर 5 हत्या का मामला है सुप्रीम कोर्ट ने भी उसकी बेल रद्द कर दी। बता दें कि प्रयागराज जिला प्रशासन और पुलिस ने जुमे की नमाज के बाद शहर के अटाला और करेली क्षेत्र में पुलिस पर पथराव की घटना के ‘मास्टरमाइंड’ (मुख्य षड्यंत्रकर्ता) मोहम्मद जावेद उर्फ जावेद पंप का करेली में अवैध रूप से निर्मित दो मंजिला बंगला रविवार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
वहीं, मोहम्मद जावेद के करेली स्थित मकान को गिराने के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। इसके पहले ओवैसी ने कहा था कि प्रयागराज में आफरीन फातिमा का घर गिराया गया, लेकिन नूपुर शर्मा के खिलाफ 15 दिन में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी जावेद पंप की बेटी आफरीन फातिमा हैं जोकि जेएनयू की छात्रा हैं। योगी पर तंज कसते हुए ओवैसी ने कहा था कि सीएम योगी इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बन चुके हैं कि किसी को भी दोषी करार देकर घर तोड़ देंगे? जो घर तोड़ा गया है, वह तथाकथित आरोपी की पत्नी के नाम है। मुसलमानों को सामूहिक सजा दे रहे हैं।
