एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने लिया कांवड़ यात्रा में सुरक्षा इंतजामों का जायजा
कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन ने नीलकंठ पैदल मार्ग की 12 किमी की दूरी पैदल नापी। इस दौरान पैदल मार्ग से लेकर नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर तक पेयजल, सफाई, पार्किंग, शौचालय आदि व्यवस्थाओं का उन्होंने निरीक्षण किया। कांवड़ मेला अब जोर पकड़ने लगा है। कावंडियों की सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर है। एक दिन पहले शनिवार को ऋषिकेश का निरीक्षण करने के बाद एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी.मुरुगेशन रविवार को पशुलोक बैराज पहुंचे। यहां निरीक्षण करने के बाद वे बैराज बाईपास मार्ग तिराहे से मौनी बाबा चौराहे, मौनी बाबा आश्रम, धांधला पानी, पुंडरासू से नीलकंठ पैदल चलकर पहुंचे। इस दौरान नीलकंठ पैदल मार्ग पर कांवड़ियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाएं देखीं। इसके बाद नीलकंठ धाम पहुंचने पर उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर कांवड़ मेले के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना भी की। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने निरीक्षण के दौरान नीलकंठ पैदल मार्ग पर शिवभक्तों से प्रशासन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी जुटाई। साथ ही उनकी समस्याएं भी जानीं। बताया जा रहा है कि पहली बार पुलिस के किसी बड़े अफसर ने नीलकंठ पैदल चलकर व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन ने पुलिस जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से ड्यूटी प्वांइट पर पूरी जिम्मेदारी से काम करने को कहा। नीलकंठ धाम दर्शन करने के बाद उन्होंने कार से पीपलकोटी, घट्टूगाड, रत्तपानी, फूलचट्टी और गरुड़चट्टी में निरीक्षण किया। इस दौरान पौड़ी जनपद के कप्तान यशवंत सिंह चौहान समेत अन्य पुलिस अफसर भी साथ रहे।
