नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष कपरवाण का स्वागत किया
कोटद्वार। शिब्बू नगर स्थित यूकेडी कार्यालय में केन्द्रीय कार्यकारिणी में नियुक्त हुए पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं द्वारा फूल मालाओं से स्वागत किया गया। जिसमें नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष डॉक्टर शक्ति शैल कपरवाण, सर्वोच्च सलाहकार समिति के सदस्य पंकज भट्ट , उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत, राज्य आंदोलनकारी समिति के अध्यक्ष पितृशरण जोशी, संगठन मंत्री हरीश द्विवेदी, प्रचार मंत्री श्रवण सिंह रावत सम्मिलित हैं। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड और राष्ट्रीय पार्टी मुक्त उत्तराखंड के अभियान को लेकर जनता के द्वार पर जाएगी और भावी आंदोलन के लिए जनता से समर्थन मांगेगी। महानगर कोटद्वार स्तर पर अभियान के लिए पूर्व जिला अध्यक्ष जगदीपक सिंह रावत को संयोजक मनोनीत किया गया है। कहा कि पिछले 20 वर्षों से भाजपा और कांग्रेस सरकार के अनेक मंत्री और राज्य अधिकारी खुलेआम भ्रष्टाचार और घोटाले कर रहे हैं, यहां तक कि उत्तराखंड का सर्वोच्च सदन विधान सभा सचिवालय और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष भी भ्रष्टाचार में पूर्ण रूप से लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकारों के राजनेताओं और अधिकारियों ने सरकारी धन को हड़प कर निजी संपत्ति बना ली है, जिससे उत्तराखंड पर 70 करोड़ से अधिक का कर्जा हो गया है। यूकेडी मांग करती है कि अब तक के जितने मंत्री, पूर्व मंत्री ,पूर्व मुख्यमंत्री, वर्तमान मुख्यमंत्री ,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और राज्य के शीर्ष अधिकारियों की संपत्ति की जांच की जाए और इनके द्वारा घोटाले बाजी से अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति को वसूल करके राज्य सरकार के कोष में डाला जाए और जनता के इस पैसे को विकास कार्यों में लगाया जाय। कोटद्वार के सुखरो पुल के क्षतिग्रस्त के लिए जिम्मेदार राजस्व, वन और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही नगर निगम से 10 वर्षो तक टैक्स वसूली बन्द करने की मांग भी उन्होंने की।
