चार दावेदारों के बीच होगा अध्यक्ष पद का मुकाबला
ऋषिकेश। बार एसोसिएशन ऋषिकेश के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। नाम वापसी के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के सभी उम्मीदवार चुनाव मैदान में डटे रहे। पुस्तकालयाध्यक्ष और ऑडिटर पद के एक-एक उम्मीदवार ने नाम वापस लिया है।
मंगलवार को बार एसोसिएशन ऋषिकेश के वार्षिक चुनाव के तहत नाम वापसी की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली। मुख्य चुनाव अधिकारी खुशहाल सिंह कलूड़ा ने बताया कि 15 दिसंबर को अध्यक्ष पद पर राजेंद्र सिंह सजवाण, सुनील नवानी, अतुल कुमार यादव, अजय सिंह वर्मा के बीच टक्कर होगी। किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। उपाध्यक्ष पद पर अमित अग्रवाल, लक्ष्मी प्रसाद सेमवाल, महासचिव भूपेंद्र कुकरेती, अजय कुमार ठाकुर, कपिल शर्मा, दीपक अंथवाल, शैलेंद्र सेमवाल, रोहित गुप्ता, नरेश कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव पद पर अमित विरला, लाल सिंह मटेला, कोषाध्यक्ष पद पर महेश शर्मा, सुनील पयाल चुनाव लड़ेंगे। पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर विनोद मिश्रा और ऑडिटर पद पर प्रमोद कुमार ने नाम वापस लिया है। मौके पर सहायक चुनाव अधिकारी नवीन रावत, राजीव खेड़ा, कार्यकारिणी सदस्य सीबी हटवाल, मनीष बिजल्वाण, ऋषि अंथवाल आदि मौजूद रहे।
आरती और मोहित का निर्विरोध चयन: बार एसोसिएशन ऋषिकेश के वार्षिक चुनाव की नाम वापसी प्रक्रिया के अंतिम दिन पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर विनोद मिश्रा के चुनाव मैदान छोड़ने के बाद इस पद पर आरती मित्तल का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। इसी तरह ऑडिटर पद पर प्रमोद कुमार के नाम वापस लेने पर मोहित शर्मा का निर्विरोध चयन हो गया है।
