विवि परिसर में खेल मैदान का कार्य जल्द शुरू किया जाए
ऋषिकेश। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने श्रीदेव सुमन विवि के ऋषिकेश कैंपस में खेल मैदान का कार्य नहीं होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने परिसर निदेशक को ज्ञापन सौंपा। चेताया कि 20 दिसंबर तक कार्य शुरू नहीं किए जाने पर आंदोलन किया जाएगा। सोमवार को श्रीदेव सुमन विवि के ऋषिकेश कैंपस में निदेशक एमएस रावत को छात्र नेताओं ने ज्ञापन दिया। छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में क्रीड़ा मैदान को लेकर काफी वाद-विवाद चल रहा है। पिछले कई माह से इसका कार्य बन्द है। इसकी सूचना निदेशक और कुलसचिव को कई बार ज्ञापन के माध्यम से पूर्व में दी गई है। लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी। यदि 20 दिसम्बर तक क्रीड़ा मैदान का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो सम्बन्धित अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा तथा इसकी पूर्ण जिम्मेदारी कैंपस प्रशासन की होगी। मौके पर छात्रसंघ महासचिव माधवेंद्र मिश्रा, हिमांशु कश्यप, रवि बिष्ट, निशांत बागड़ी, अमन निषाद, सत्यम मिश्रा, विनायक, आदित्य पंवार, आशु भट्ट, मानव रावत आदि उपस्थित रहे।
