उत्तराखंड में दिल्ली की तरह इतिहास दर्ज करेगी आप: मोहनिया
हरिद्वार। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में भी दिल्ली की तरह इतिहास दर्ज करेगी। अगले साल होने वाले निकाय चुनाव में दिल्ली की तर्ज पर यहां भी व्यापक रणनीति बनाकर चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने भविष्य में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी के लिए व्यापक संभावनाएं बताते हुए उत्तराखंड में बड़ी जीत दर्ज करने का दावा किया।
रविवार को देहरादून में समीक्षा बैठक करने जा रहे दिनेश मोहनिया का हरिद्वार में सिंहद्वार के पास कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें दिल्ली में मिली बड़ी जीत के लिए बधाई दी। मोहनिया ने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र की हत्या करना चाहती हैं। चुनी हुई सरकार को चलने नहीं दिया जा रहा। आज दिल्ली के लोगों में इसको लेकर बीजेपी के खिलाफ रोष हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उत्तराखंड में भी जनता की समस्याओं को उठाकर उनका निराकरण कराने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस जैसी पार्टियों को अब जनता नकार रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि जिस तरह से जनता ने आम आदमी पार्टी की नीतियों और अरविंद केजरीवाल सरकार की उपलब्धियों को स्वीकार किया है वह इस बात का परिचायक है कि आम आदमी पार्टी बड़े दल के रूप में अन्य राज्यों में भी अपनी पकड़ बना रही है। संजय सैनी, नवीन मारिया, खलील राणा,खालिद हसन, अंकुर, मुस्तफा, संजू नारंग, अनिल कुमार, श्रवण गुप्ता ने स्वागत किया।
