धार्मिक पुस्तक जलाने पर स्वीडन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
विकासनगर। स्वीडन में धार्मिक पुस्तक जलाए जाने से आक्रोशित लोगों ने जमनपुर में स्वीडन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार के माध्यम से धार्मिक पुस्तक का अपमान करने वाले के खिलाफ कार्रवाई कराए जाने की मांग की है। शुक्रवार को पूर्व दर्जाधारी आकिल अहमद के नेतृत्व में जमनपुर चौक पर एकत्र हुए लोगों ने सेलाकुई तक आक्रोश रैली निकाली। पूर्व दर्जाधारी ने कहा कि इस्लाम और कुरआन पर अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ हिंदुस्तान का मुसलमान कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहा है। कहा कि धार्मिक पुस्तक को जलाकर मुस्लिमों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाई है। कहा कि हिंदुस्तान हमेशा से दुनिया को भाईचारे का संदेश देता रहा है। यहां सभी धर्मों के लोग सौहार्दपूर्ण माहौल में मिलजुल कर रहते हैं। जाति और धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वालों के खिलाफ वैश्विक स्तर एकजुट होकर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि स्वीडन में भारतीय दूतावास के माध्यम से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराने के लिए दबाव बनाया जाए। प्रदर्शन करने वालों में चौ. राजू तोमर, हाजी लालू , हाजी मौ. अली, आलम खान, शकील अहमद, जगदीश शर्मा, उज्वल शर्मा, हरि दर्शन शर्मा, अब्दुल समद, शेर अली, ज्योतिराम, अलीम खान, खुर्रम खान, कारी रईसुद्दीन आदि शामिल रहे।
