Friday, October 16, 2026
UTTAR PRADESH

कोरोना से शिक्षक समेत छह की मौत, 254 मिले पॉजिटिव

उन्नाव

कोरोना से संक्रमित होने वालों का ग्राफ तो गिरा, लेकिन मौतों का ग्राफ बढ़ गया। औरास ब्लाक खेत्र के एक शिक्षक और बिछिया ब्लाक क्षेत्र के एक पत्रकार समेत छह लोगों की कोरोना से मौत हो गई। कोविड जांच अभियान में 254 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सबसे सुखद बात यह है कि संक्रमितों से कहीं अधिक 318 संक्रमित कोरोना को परास्त कर स्वस्थ हुए हैं। संक्रमितों में मौरावां के दो स्वास्थ्य कर्मी, अलग-अलग अस्पतालों के दो डॉक्टर, हिलौली में दो स्वास्थ्य कर्मी, सफीपुर और असोहा में एक एक, पाटन तहसील का एक कर्मचारी और औरास थाना में तैनात एक पुलिस कर्मी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार औरास कस्बा के मुरौवन टोला निवासी परिषदीय स्कूल के 40 वर्षीय शिक्षक लोधई के उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधान शिक्षक थे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रशिक्षण के दौरान कोरोना से संक्रमित मिले थे। कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सरस्वती मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। हालत बिगड़ने पर लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी तरह बिछिया ब्लॉक के तारगांव निवासी एक युवा क्षेत्रीय पत्रकार कोरोना से संक्रमित मिला था। उसका लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उनकी मौत हो गई। असोहा के टेंट व्यवसाई की 52 वर्षीय पत्नी की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। रेखा को पिछले कई दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, साथ ही आक्सीजन लेवल भी कम हो गया था। जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई थी। पीतांबरनगर मोहल्ला निवासी 70 वर्षीय वृद्धा की जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में मौत हो गई। कोविड हॉस्पिटल सरस्वती मेडिकल कॉलेज में असोहा 71 वर्षीय बुजुर्ग, गिरिजबाग निवासी 68 वर्षीय वृद्ध, कौडियापुर निवासी 52 वर्षीय अधेड़ की मौत हुई। सीएमओ डॉ. आशुतोष ने बताया कि शुक्रवार को जिले में 254 लोग संक्रमित मिले। संक्रमितों में सिकन्दरपुर करन में 20, नवाबगंज में 11, पुरवा में 12, सफीपुर में 14, मियागंज में 12, असोहा में 4, सरोसी में 10, बीघापुर में 18, औरास में 11, सुमेरपुर में 10, हिलौली में 28, हसनगंज में 2, बांगरमऊ में 7, बिछिया में 1, फतेहपुर चैरासी में 6, गंजमुरादाबाद में 6, शहर उन्नाव में 63, शुक्लागंज में 14 लोग संक्रमित मिले। सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना के 2553 सक्रिय केस हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *