Friday, October 16, 2026
STATE NEWS

महंगाई, औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े देंगे बाजार को दिशा

मुंबई,

लगातार दो सप्ताह की तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में घरेलू शेयर बाजारों पर महंगाई और औद्योगिक उत्पादन के वृहद आर्थिक आंकड़ों का असर दिखेगा। साथ ही कोविड-19 महामारी की स्थिति भी निवेशकों का रुख तय करने में महत्त्वपूर्ण होगी।
अगले सप्ताह खुदरा और थोक महंगाई के अप्रैल के आंकड़े शुक्रवार को जारी होने हैं। मार्च के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े भी मंगलवार को जारी होंगे। इन सबका असर बाजार पर दिखेगा। कोविड-19 के लगातार चार लाख से अधिक नये मामले रोज सामने आ रहे हैं और देश के अधिकतर राज्यों में इस समय लॉकडाउन लगा हुआ है। इसका असर आर्थिक गतिविधियों पर पड़ रहा है। निवेशक इसे लेकर चिंतित हैं।
छोटे एवं लघु उद्योगों तथा कोविड-19 से जुड़े उद्यमों और चिकित्सा केंद्रों को रिजर्व बैंक द्वारा दी गई राहत से बीते सप्ताह शेयर बाजार में तेजी रही। बीएसई का सेंसेक्स 424.11 अंक यानी 0.87 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त के साथ शुक्रवार को 49,206.47 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 192.05 अंक यानी 1.31 प्रतिशत चढ़कर सप्ताहांत पर 14,823.15 अंक पर रहा।
बाजार में पहले दो दिन गिरावट रही जबकि बुधवार सुबह को केंद्रीय बैंक की घोषणा के बाद अंतिम तीन दिन लिवाली का जोर रहा।
मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने अधिक विश्वास दिखाया। बीएसई का मिडकैप 296.41 अंक यानी 1.46 प्रतिशत चढ़कर 20,608.61 अंक पर पहुंच गया। स्मॉलकैप 547.99 अंक यानी 2.53 फीसदी की साप्ताहिक मजबूती के साथ 22,218.10 अंक पर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *