ईद पर पछुवादून में अमन की दुआ में उठे हजारों हाथ
विकासनगर। पछुवादून में ईद उल फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अल सुबह विकासनगर , सहसपुर, रामपुर, खुशहालपुर, सेलाकुई, ढकरानी, ढालीपुर की जामा मस्जिदों समेत छोटी बड़ी मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा की गई। नमाज में हजारों हाथ देश में अमन और सलामती की दुआ के लिए उठे। इसके बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। सुबह से ही लोग नहा-धोकर व साफ कपड़े पहनकर मस्जिद पहुंच रहे थे। इनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी थे। नमाज के बाद घरों में उत्सव जैसा माहौल देखा गया। जीवनगढ़, ढकरानी, ढालीपुर, अंबाड़ी में तो इसका खास उत्साह देखा गया। ईद के रंग में हर कोई रंगा नजर आया। लोग एक-दूसरे को बधाइयां देने के बाद सेंवइयों से मुंह भी मीठा करा रहे थे। विकासनगर की जामा मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए नगर और आस पास की बस्तियों से लोगों का तड़के ही पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जामा मस्जिद में नमाज सुबह नौ बजे शुरू हुई। सहसपुर की जामा मस्जिद में भी सुबह से लोग पहुंचने लग गए थे। यहां नमाज का समय 8:15 बजे था। नमाज के बाद सभी एक दूसरे से गले मिले और ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों का उत्साह तो देखते ही बन रहा था।
