ट्विटर कर्मियों को पैरेंटल लीव्स में कटौती, 140 से घटाकर किया सिर्फ 14 दिन
नई दिल्ली
एलन मस्क की कंपनी ट्वीटर ने अपने कर्मचारियों के लिए पैरेंटल लीव्स में बड़ी कटौती की है। मस्क ने ट्विटर की कमान संभालते ही कई बड़े बदलाव किए हैं। मस्क ने पैरेंटल लीव (मातृ-पितृ अवकाश) की अवधि 140 दिन (20 सप्ताह) से घटाकर सिर्फ 14 दिन (2 सप्ताह) कर दिया है। एक रिपोर्ट में बताया है कि नवीनतम परिवर्तन माता-पिता बनने वाले कर्मचारियों की शिशु देखभाल छुट्टी को 20 सप्ताह से घटाकर केवल 14 दिन कर दिया गया है। यह बदलाव उन कर्मचारियों को ज्यादा प्रभावित करेगा जो अमेरिका में उन राज्यों में काम करते हैं जहां पेड लीव की पॉलिसी नहीं है। एलन मस्क के इस कदम के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है। पैरेंटल लीव कम करने के मस्क के फैसले की कई लोगों ने आलोचना की है और अरबपति को कोसते हुए कहा है कि इससे कई अमेरिकी राज्यों में माताओं को आराम करने, ठीक होने और अपने नवजात शिशुओं के साथ समय बिताने का थोड़ा कम समय मिल पाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संयुक्त राज्य अमेरिका में अनिवार्य पेड पैरेन्टल लीव के लिए कोई संघीय कानून नहीं है। लेकिन अमेरिका के 12 राज्य ऐसे हैं जो कर्मचारियों को पेड पैरेंटल और मेडिकल लीव की सुविधा प्रदान करते हैं। अमेरिकी राज्य के कानून के तहत कैलिफोर्निया में भी कर्मचारियों को आठ सप्ताह तक का सवैतनिक अवकाश लेने की अनुमति है। इसके अलावा न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी दोनों राज्यों में 26 सप्ताह तक के अवैतनिक अवकाश लेने की अनुमति हैं। इसमें 12 सप्ताह के सवैतनिक अवकाश के अतिरिक्त नौकरी-संरक्षित अवकाश भी शामिल है। एलन मस्क अब आम यूजर्स से पैसे भी वसूलने की तैयारी कर रहे हैं। ट्विटर अगले महीने से प्लेटफॉर्म पर खबर या लेख पढ़ने के लिए यूजर्स से शुल्क लेने की अनुमति देगा। जो यूजर्स मासिक सदस्यता के लिए साइन अप नहीं करेंगे, उन्हें लेख पढ़ने के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी।
