Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTAR PRADESH

बमबाज गुड्डू मुस्लिम की गोवा में मिली लोकेशन, 5 लाख का इनामी है बदमाश

प्रयागराज

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड में फरार चल रहा 5 लाख का इनाम बमबाज गुड्डू मुस्लिम पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। सूत्रों से पता लगा है कि पुलिस को जानकारी मिलने से पहले ही वह मेरठ से निकलकर गोवा भाग गया है। अब वहां पर भी उसने ठिकाना बदल लिया है। पुलिस को शक है कि गोवा में सुरक्षित जगह बनाने में लखनऊ के एक बिल्डर ने उसकी मदद की थी। पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद लखनऊ के एक हिस्ट्रीशीटर बिल्डर की लोकेशन भी कुछ दिनों के लिए गोवा में मिली थी।
मिली जानकारी के अनुसार उमेशपाल हत्याकांड से पहले लखनऊ का एक हिस्ट्रीशीटर बिल्डर लगातार बमबाज गुड्डू मुस्लिम के संपर्क में था। कॉल डिटेल से पुलिस को पक्के सबूत मिले हैं, जिससे पता चला है कि दोनों के बीच मोबाइल फोन पर कई बार बात हुई है। अब पुलिस को इस बात पर शक है कि कहीं गोवा में गुड्डू मुस्लिम को सुरक्षित जगह उपलब्ध कराने में कहीं इसी हिस्ट्रीशीटर बिल्डर का हाथ तो नहीं है। फिलहाल, अब इस बात का पता लगाया जा रहा है कि गोवा के अपराधी से गुड्डू मुस्लिम का संपर्क कैसे हुआ।
आपको बता दें कि मारे गए गैंगस्टर अतीक अहमद का करीबी और प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी गुड्डू मुस्लिम अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के रडार पर आ गया है। स्पेशल सेल ने उसे एक मामले में जांच में शामिल होने के लिए समन भेजा है। हथियार सप्लायर अवतार सिंह से पूछताछ में उसका नाम सामने आया था। सूत्र ने कहा कि आर्म्स सप्लायर अवतार सिंह ने पूछताछ के दौरान स्पेशल सेल को बताया कि उसने गुड्डू मुस्लिम को हथियार मुहैया कराए थे, जिनका इस्तेमाल प्रयागराज में हुए उमेश पाल मर्डर केस में किया गया था, जिसके बाद स्पेशल सेल की एक टीम ने प्रयागराज जाकर गुड्डू मुस्लिम के घर की दीवार पर समन नोटिस चस्पा कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *