श्रीलंका ने इमरान का संबोधन किया रद्द
इस्लामाबाद
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान श्रीलंका दौरे पर जाने वाले हैं। इस दौरान उन्हें यहां के संसद को संबोधित करना था, जिसे अब रद कर दिया गया है। पाकिस्तानी मीडिया डॉन न्यूज ने इसकी जानकारी दी है। श्रीलंकाई सरकार के इस कदम को भारत के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा था कि इमरान अपने भाषण के दौरान कश्मीर का मुद्दा उठाएंगे, जिससे भारत नाराज हो सकता है। ऐसे में यह कार्यक्रम रद कर दिया गया। गौरतलब है कि पाकिस्तान को जब भी मौका मिलता है वह कश्मीर पर छाती पीटने से बाज नहीं आता। अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले के बाद से उसकी बौखलाहट और बढ़ गई। बार-बार वह इस मुद्दे को वैश्विक पटल पर उठाने की कोशिश करता है, लेकिन उसकी बात कोई नहीं सुनता। इमरान खान 22 फरवरी से दो दिवसीय यात्रा पर कोलंबो की यात्रा करने वाले हैं। वह 24 फरवरी को श्रीलंका की संसद को संबोधित करने वाले थे। पाकिस्तान के आग्रह पर इसका आयोजन होना था।
