ड्रग्स पेडलरों के खिलाफ कड़ी करे अफसर
पौड़ी। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बैठक में एसएसपी ने ड्रग्स पेडलरों के खिलाफ मुहिम तेज न करने पर फोर्से के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि ड्रग्स फ्री देवभूमि बनाने के लिए शिक्षण संस्थाओं में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। ऑनलाइन बैठक लेते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने जिले थाना लक्ष्मणझूला व श्रीनगर क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में स्कूली छात्रों के नशे के जाल से बचने के लिए नियमित रूप से भौतिक सत्यापन करते हुए नशा मुक्ति केन्द्रों के प्रबन्धकों से उनकी सूची प्राप्त करते हुये मादक पदार्थो की बिक्री व आपूर्ति करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान एनडीपीएस व आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही कम होने पर एसएसपी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नशे की खरीद-फरोख्त करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि ड्रग्स पेडलरों के खिलाफ धर-पकड़ के लिए बैरियरों पर नियमित रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही युवाओं को नशे के सेवन से बचाने के लिए शिक्षण संस्थाओं में नशे के दुष्परिणामों के प्रति नुक्कड़ नाटक, बैनर, रैली के माध्यम से जागरुक करे। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन विभव सैनी, निरीक्षक प्रभारी एएनटीएफ मो. अकरम आदि शामिल रहे।
