बरसात में भी केदारनाथ के लिए दो हेली सेवाएं जारी रहेंगी
रुद्रप्रयाग। इस बार केदारनाथ धाम के लिए दो हेलीकॉप्टर कम्पनियां बरसात में भी सेवाएं देती रहेंगी। इससे तीर्थयात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। हालांकि बरसात में केदारघाटी में हेलीकॉप्टर की उड़ानें मानसून के कारण नियमित नहीं रह पाती है। अधिकांश समय मौसम खराब होने के कारण सेवाएं बाधित रहती हैं। बीते सालों की तुलना में इस बार दो हेलीकॉप्टर सेवाएं मानसून में भी केदारनाथ के लिए उड़ान भरती रहेंगी। गुप्तकाशी से टांस भारत और शेरसी से हिमालय हेली की सेवा इस बार बरसात में भी यात्रियों को राहत देगी। हालांकि 7 जुलाई को एक मात्र आर्यन एविएशन की सेवा भी बंद हो जाएंगी। बता दें कि अभी तक केदारनाथ के लिए 9 हेलीकॉप्टर कम्पनियां सेवाएं दे रही थी किंतु बरसात के चलते करीब 6 हेलीकॉप्टर कम्पनियां लौट गई है। जिला पर्यटन अधिकारी एवं हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि आर्यन 7 जुलाई को सेवा बंद करते हुए लौट जाएगी। जबकि इसके बाद हिमालय हेली और टांस भारत मानसून सीजन में भी अपनी सेवाएं जारी रखेंगी। अन्य सभी कम्पनियों की सेवाएं बंद हो जाएंगी।
