एमबीपीजी और महिला कॉलेज में 700 को मिला दाखिला
हल्द्वानी। डिग्री कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। दिनभर तेज बारिश के बावजूद एमबीपीजी और महिला कॉलेज में छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में दाखिला लेने पहुंचे। दोनों कॉलेजों में अब तक करीब 700 को दाखिला मिल चुका है। एमबीपीजी कॉलेज में पूर्व में जारी पहली मेरिट सूची के अनुसार स्नातक प्रथम सेमेस्टर की 3120 सीटों पर दाखिले होने हैं। मेरिट में जगह बनाने वाले सभी छात्र-छात्राओं को 14 से 19 जुलाई तक अपने शैक्षणिक दस्तावेजों को कॉलेज में सत्यापित कराना है। मंगलवार को बीए प्रथम सेमेस्टर में 89, बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में 60, बीएससी गणित वर्ग में 34 और बीएससी बायो वर्ग में 50 छात्रों ने दाखिला प्रक्रिया पूरी की। दिनभर में 233 छात्र-छात्राओं ने दस्तावेज सत्यापित कराए। कॉलेज में अब तक कुल 520 छात्रों को दाखिला मिल चुका है।
