बैराज में सिल्ट जमा होने से फिल्टर प्लांट चार घंटे बंद
हल्द्वानी। गौला बैराज में सिल्ट जमा होने से गुरुवार को फिल्टर प्लांट के लिए पानी आपूर्ति ठप हो गई। चार घंटे तक पानी नहीं मिलने पर जल संस्थान पानी साफ नहीं कर पाया। जिससे शाम के समय की जाने वाली पेयजल की आपूर्ति प्रभावित रही। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जल संस्थान गौला के पानी को शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट में साफ कर आपूर्ति करता है। पहाड़ों पर हो रही बारिश से गौला में सिल्ट की मात्रा बढ़ रही है। गुरुवार को बैराज की क्षमता से अधिक सिल्ट जमा होने पर सिंचाई विभाग ने गेट खोल कर इसे बाहर निकालने की कार्रवाई की। इस दौरान फिल्टर प्लांट के लिए पानी आपूर्ति बंद कर दी गई। सुबह दस बजे बंद हुई सप्लाई दोपहर दो बजे बहाल हो पाई। चार घंटे प्लांट बंद होने से देर शाम की जाने वाली पेयजल आपूर्ति में कमी आ गई। कम मात्रा में पानी मिलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जल संस्थान के सहायक अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि प्लांट बंद होने से पानी आपूर्ति में कमी हो रही है। वहीं सिंचाई विभाग के अवर सहायक अभियंता मनोज तिवारी ने कहा, गौला में लगातार सिल्ट आने से बैराज की सुरक्षा के लिए गेट खोले जा रहे हैं।
