फैक्ट्री की लिफ्ट में फंसकर श्रमिक की मौत
रुद्रपुर। सिडकुल की एक फैक्ट्री में सामान नीचे लाते समय लिफ्ट में फंसकर एक श्रमिक की मौत हो गई। मौत से गुस्साए साथियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के मुताबिक राहुल (21) पुत्र शेर सिंह मूल रूप से क्रिमचे का मजरा, तहसील मिलक, रामपुर (यूपी) का रहने वाला था। वह ट्रांजिंट कैंप में रहता था। करीब दो माह पहले ही उसकी पीपी ऑटो इन्नोवेटर्स फैक्ट्री में जॉब लगी थी। वह हेल्पर का काम करता था। गुरुवार सुबह वह फैक्ट्री की पहली शिफ्ट में काम कर रहा था। सुबह करीब 9 बजे वह सामान ढोने वाली लिफ्ट पर माल की लोडिंग कर रहा था। संभावना जताई जा रही है कि वह लिफ्ट में बैठा रह गया और अंदर फंस गया। इसी दौरान एंगिल में गर्दन फंसने से उसकी मौत हो गई। राहुल की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं समाचार लिखे जाने तक मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन का कहना था कि लिफ्ट सिर्फ सामान ले जाने के लिए प्रयोग की जाती थी। राहुल कैसे उसके अंदर रह गया, यह जांच का विषय है।
