बरसाती नाले में बहे दो युवक
ऋषिकेश। गुमानीवाला में दो लोग भारी बारिश में बह गए। इस दौरान एक युवक का शव पुलिस को बीसबीघा के पास नाले में मिला। जबकि, दूसरे का शव पुलिस को अमितग्राम के नाले से बरामद हुआ। शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए एम्स में भेज दिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह सूचना मिली एक युवक का शव बीसबीघा में बरसाती नाले में पड़ा है। तत्काल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों से पहचान के प्रयास किए, तो पता चला कि युवक रोहित सिंह पंवार हैं, जो कि गुमानीवाला का निवासी है। परिजनों से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि रोहित कैफे में काम करता है, लेकिन रात को वह घर वापस नहीं लौटा। एम्स चौकी प्रभारी मनवर सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि रोहित बाइक से घर लौटा था। मनसा देवी में बरसाती नाले से बहता हुआ वह यहां तक पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। वहीं, अमितग्राम में भी बरसाती नाले में एक युवक का शव मिला है। लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास किए, मगर कामयाबी हाथ नहीं लगी। श्यामपुर चौकी प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि युवक की उम्र करीब 35 वर्ष है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। इस बाबत आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया युवक बरसाती नाले में बहा है। पहचान होने तक शव को 72 घंटे के लिए एमस की मोर्चरी में रखवाया है।
