इस्तीफा दें या बर्खास्त किए जाएं शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी : संजय सिंह
लखनऊ
सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी में ईडब्लूएस कोटे से असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में मंत्री डॉ सतीश चंद्र द्विवेदी के भाई डॉ अरुण द्विवेदी की तैनाती पर आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी,राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव में कोरोना संक्रमण के कारण मारे गए 1621 शिक्षकों की संख्या को महज तीन बताने वाले बेसिक शिक्षा मंत्री का कारनामा सामने आया है। शिक्षा मंत्री को मरने वाले शिक्षकों की संख्या नहीं मालूम लेकिन वह जानते हैं कि फजीर्वाड़ा करके अपने सगे भाई को गरीबी रेखा का सर्टिफिकेट दिला कर कैसे नौकरी दी जाती है,इसकी पूरी जानकारी है। उन्होंने नियम कानून ताख पर रखकर कुलपति का इस्तेमाल किया। पहले कुलपति का कार्यकाल बढ़ाया गया। कुलपति के कार्यकाल बढ़ने के बाद पहला काम मंत्री के भाई को नौकरी देने का किया। उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री का भाई जो पहले से नौकरी में है उसे आर्थिक रूप से कमजोर माना जा रहा है। प्रदेश में नौकरी के लिए शिक्षामित्र आवाज उठाते हैं तो उन्हें लाठी डंडों से पीटा जाता है। सिंह ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच जरूरी है, क्योंकि इसमें सत्ता से जुड़े ताकतवर लोग शामिल हैं। मामले में मुख्यमंत्री को अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए।
