राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्राप्त शिक्षक को किया सम्मानित
कोटद्वार। शिक्षक दिवस पर राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक दौलत सिंह गुसांई को राजकीय शिक्षक संघ जनपद शाखा पौड़ी द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया गया। संघ के राइंका कोटद्वार स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा दौलत सिंह गुसांई को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के शिक्षकों के लिए गर्व की बात है। उनके द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं दुर्गम ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को साथ में लेकर विज्ञान से संबंधित नवाचार प्रयोग किए गए। परिणामस्वरूप उन्हें यह पुरस्कार प्राप्त हुआ। पूर्व जिला मंत्री मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में कई शिक्षक ऐसे हैं जो लगातार नए-नए प्रयोगों से शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं और वे हम सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। शिक्षक दौलत सिंह गुसांई ने कहा कि छात्र को केंद्र बिंदु मानते हुए नवाचार प्रयोग करने से उन्हें यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। तत्पश्चात जिला मंत्री बिजेंदर बिष्ट एवं अन्य शिक्षकों द्वारा उनको मोमेंटो एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया इस अवसर पर मुकेश रावत, डा. पद्मेश बुडाकोटी, आशीष खरक्वाल, धीरेंद्र सिंह रावत, डबल सिंह रावत, प्रशांत बडोला, हरीश जोशी, संजय रावत, बिजेंदर तोमर, सत्येंद्र रावत, सुभाष बिष्ट, परितोष रावत, संदीप बिष्ट,अनूप रावत और सीतांशु कुकशाल आदि शिक्षक मौजूद रहे।
