आंदोलनरत छात्रों ने त्यूणी महाविद्यालय में तालाबंदी की
विकासनगर। पंडित शिवराम राजकीय महाविद्यालय त्यूणी में आंदोलनरत छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को पूरे महाविद्यालय में तालाबंदी कर शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलनरत छात्र-छात्राओं ने कहा कि मांगें पूरी होने के बाद ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा। वहीं भूख हड़ताल पर छात्र संघ अध्यक्ष को जबरन उठाने के बाद उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि गुरुवार से भूख हड़ताल शुरू करने वाले दोनों छात्रों का स्वास्थ्य सामान्य है। गुरुवार को भूख हड़ताल पर बैठे मनोज चौहान और प्रमेश रावत ने कहा कि सरकार साजिश के तहत जौनसार बावर की शिक्षा व्यवस्था की अवहेलना कर रही है। जनजाति क्षेत्र की आबादी कम होने और प्रदेश की राजनैतिक समीकरणों पर अधिक प्रभाव नहीं डालने के कारण इस क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सरकार कभी गंभीर नहीं रही। इसी के चलते यहां के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। शिक्षा के नाम पर यहां प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा के शिक्षण संस्थान खोले गए हैं, लेकिन ये सभी संस्थान संसाधनों के अभाव में मात्र दिखावा साबित हो रहे हैं। कहा कि प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों और संसाधनों की कमी बनी हुई है, जिसका खामियाजा जौनसार बावर के भविष्य को भुगतना पड़ रहा है। कई बार शासन प्रशासन से यहां के शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की नियुक्ति और पर्याप्त संसाधन मुहैया कराने की मांग की गई, लेकिन कभी भी सरकारी कारिंदों ने इस पर गंभीरता सोचने की जरूरत नहीं समझी। आरोप लगाया कि सरकार जनजाति वर्ग के बच्चों और युवाओं को समाज की मुख्यधारा से दूर करने की साजिश रच रही है। इसी साजिश के तहत सरकार जौनसार बावर की शिक्षा व्यवस्था को निम्न स्तर पर ही रख रही है। धरना देने वालों में अंकित कुमार, शिवानी शोक्टा, महावीर आदि शामिल रहे।
