Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

डीएम से की सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने की मांग

विकासनगर। तहसील क्षेत्र अंतर्गत सीमांत गांव कुंजा में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर भू माफिया गांव की जमीनों को कब्जाने की साजिश कर रहा है। जिलाधिकारी को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि कुंजा गांव में ग्राम समाज की पांच बीघा बंजर भूमि और बरसाती खाले की भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। बताया कि गांव के ही कुछ लोगों द्वारा इस भूमि पर बाहरी प्रदेशों से आने वाले लोगों को बसाया जा रहा है। इसके साथ ही गांव के ही एक व्यक्ति ने ग्राम समाज की जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित आवासीय मकान और गोशाला किसी बाहरी व्यक्ति को बेच दी है। अब बाहरी व्यक्ति मकान के आसपास की सरकारी जमीन पर भी अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग कर रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग भू माफिया के साथ मिलकर गांव में दूसरे प्रदेश के लोगों को बसाने की साजिश कर रहे हैं, जिससे भविष्य में पूरे क्षेत्र का माहौल बिगड़ने का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने डीएम से जल्द कार्रवाई कर सरकारी जमीन पर किए जा रहे अवैध कब्जों को हटाने और जमीन को अवैध तौर पर खुर्दबुर्द करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान नेहा शर्मा, नदीम, कासिम, रणजीत, ममता, शिवकुमार, पूनम, रविंद्र, समेरो, रवि, प्रेमवती, नितिन, प्रेमदास, संगीता, सरोज आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *